रांची के रेडियम रोड की दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 15.70 लाख रुपये के सिगरेट समेत चोरी का मोबाइल बरामद, एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
रांची के रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में ताला तोड़कर करीब 15.70 लाख रुपये मूल्य के सिगरेट, तीन हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हरमू रोड, शिवाजी लेन चौक निवासी कुन्दन वर्मा और न्यू किशोरगंज रोड नंबर 6/2 निवासी विजय रजक उर्फ लल्लु के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले में दुकानदार के आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना कांड संख्या 220/2026, दिनांक 27 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुन्दन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के सिगरेट के छह बैग और तीन झोले तथा चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुन्दन वर्मा पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी के प्रयास, मारपीट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। उसके पूर्व आपराधिक मामलों में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 420/2016, 583/2023, 56/2025 और 96/2025 शामिल हैं।
कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली निखिल राय, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कोतवाली सनोज कुमार चौधरी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुखदेवनगर सुनील कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक मीनकेतन कुमार, अनिल कुमार, चन्दन कुमार वर्मा, लाल बिहारी पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
