अपराध

लावारिस बच्चों से मोबाइल चोरी करवाने वाला गिरोह रांची पुलिस के हत्थे चढ़ा, पांच गिरफ्तार, चोरी किये गये मोबाइल को बांग्लादेश में खपाता था यह गिरोह

रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अपहृत चार वर्षीय बालक विवान कुमार को पुलिस ने साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की बरामदगी तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद संभव हुई।

बच्चे के अपहरण को लेकर चुटिया थाना कांड संख्या 138/16, दिनांक 24 सितंबर 2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर बच्चे की बरामदगी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से संदिग्ध रोहित मुखर्जी को धनबाद पुलिस और आरपीएफ के सहयोग से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस का दावा है कि रोहित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य सहयोगियों के नाम बताए। इसके बाद रोहित मुखर्जी की निशानदेही पर साहेबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ स्थित एक आरोपी के नानी के घर से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से बिट्टु कुमार सिंह और कयूम अंसारी के संबंध में भी कार्रवाई की।

पांच अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, बिट्टु कुमार सिंह, छोटु कुमार, जमादार शेख और तसबोर शेख को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक किशोर को निरुद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है— रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन (43), छोटा ततलिया, थाना तीनपहाड़, साहेबगंज। बिट्टु कुमार सिंह (19), मसुधन कॉलोनी, राजमहल, साहेबगंज। छोटु कुमार (25), बाबुपुर, थाना तीनपहाड़, साहेबगंज। जमादार शेख (40), नयाबाजार, मुगलानीचक, थाना राजमहल। तसबोर शेख (45), सिवा पहाड़, थाना तीनपहाड़, साहेबगंज। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

मोबाइल चोरी के नेटवर्क की भी जांच

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई है कि आरोपी रोहित मुखर्जी कथित तौर पर चोरी के मामलों में जेल भेजे गए बच्चों को जमानत दिलाने में मदद करता था। पुलिस का दावा है कि वह लावारिस बच्चों को अपने गिरोह में शामिल कर अलग-अलग शहरों के भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोबाइल चोरी करवाता था। चोरी किए गए मोबाइल को कथित तौर पर बांग्लादेश में खपाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

अपराधियों के पूर्व का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार मुखर्जी के खिलाफ कोतवाली थाना कांड संख्या 516/15 में धारा 413, 414, 420 और 471 भादवि के तहत मामला दर्ज रहा है। वहीं छोटु कुमार के खिलाफ तीनपहाड़ थाना कांड संख्या 19/26 में धारा 196(1), 299 भारतीय न्याय संहिता एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी

छापेमारी और बच्चे की बरामदगी की कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर रांची के.बी. रमण, चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजुर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी सहित चुटिया, लोअर बाजार, कोतवाली और लालपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में धनबाद और साहेबगंज पुलिस के अलावा आरपीएफ तथा जीआरपी रांची और धनबाद का भी सहयोग रहा। पुलिस ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *