झामुमो की बैठक में पहली बार शामिल होकर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को किया स्पष्ट, गिरिडीह में जब भी चुनाव हो, झामुमो की ओर से उम्मीदवार वहीं होंगी
गिरिडीह में झामुमो की ओर से आयोजित संगठनात्मक बैठक में पहली बार शामिल होकर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को स्पष्ट कर दिया है। श्वेता शर्मा के दृढ़ राजनीतिक संकल्प को देखते हुए राजनीतिक पंडितों ने संकेत दे दिये कि गिरिडीह विधानसभा में जब भी कभी विधानसभा के उपचुनाव होंगे। झामुमो की ओर से उम्मीदवार श्वेता शर्मा ही होंगी।
बताया जा रहा है कि आज ही गिरिडीह में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की ओर से एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा ने भाग लिया और अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को सभी के सामने रखा या आप कह सकते है कि राजनीति के क्षेत्र में पहला कदम रख दिया। जहां पहले से पहुंचे झामुमो के कई कद्दावर नेता व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राजनीतिक पंडितों का यह भी मानना है कि सहानुभूति लहर की नौका पर सवार श्वेता शर्मा को गिरिडीह विधानसभा से जीत हासिल करने में कोई ज्यादा परेशानी भी नहीं होगी। आराम से वो यह सीट निकाल लेंगी।
इस बैठक में शामिल होने के क्रम में श्वेता शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे उनके पति सभी के साथ हमेशा खड़े रहते थे। गिरिडीह के विकास का सपना देखा था, उसे वे भी पूरा करने में उद्यत रहेंगी। हालांकि श्वेता शर्मा ने ज्यादा कुछ नहीं कहा। लेकिन उनके द्वारा बोले ये कुछ ही वाक्य गिरिडीह के राजनीतिक बवंडर को मापने के लिए काफी है कि गिरिडीह की राजनीति में अब आगे क्या होनेवाला है?
झामुमो की इस बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, गिरिडीह महापौर प्रमिला मेहरा और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का समूह उपस्थित रहा। बताया जा रहा है कि इस संगठनात्मक बैठक में पार्टी की मजबूती, पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और पार्टी के आगे के कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
