राजनीति

पूरे देश की भांति झारखंड में भी एक उत्सव की तरह मनाया जाएगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन: आदित्य साहू

17 सितंबर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76 वाँ जन्मदिवस है तथा सात अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे करने वाले हैं। इस मौके को खास बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे माह 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में पूरे देश की भांति झारखंड में भी इनके जन्मोत्सव को एक उत्सव के रुप में मनाने का निर्णय लिया गया है।

झारखंड़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए इस दौरान एक माह तक चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी सेवा संकल्प अभियान चलाएगी।

इस विशेष अवसर पर 17 सितम्बर को राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीप जलेंगे। प्रत्येक सांगठनिक मंडल का एक गांव पूर्णरूपेण सजाया जायेगा और सभी गांव के हर घर दीप से प्रज्वलित होंगे। उन्होंने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को जन्मदिवस के दिन आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किए जाएंगे, उनके लंबी आयु तथा उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना किया जाएगा। 17 सितंबर के दिन ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा कैंप लगाकर रक्तदान किया जाएगा।

आगे उन्होंने अलग अलग तिथियों में होने वाले कार्यक्रमों चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट, सेवा के रंग राष्ट्र्र के संग, हैकाथन और इनोवेशन चैलेंज, 25 साल 25 कहानियां आदि की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सेवा के रंग के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां बनाई जाएंगी और 25 साल 25 कहानियां कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी के सामाजिक जीवन के 25 साल पर 25 कहानियां लिखकर उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से  2047 तक विकसित भारत का संकल्प पुनः दोहराया जाएगा।

श्री साहू ने कहा कि हमलोग सचमुच सौभाग्यशाली है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे महापुरुष देश के 140 करोड़ लोगों की सेवा करने का काम कर रहे हैं और हम सब उनके नेतृत्व में काम कर रहे हैं। उनका कार्यकाल संकल्प से सिद्धि तक सफल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना थके, बिना रुके पिछले 25 वर्षों से देश के नागरिकों की सेवा करने का काम कर रहे है, यह उन पर ईश्वरीय वरदान है। पीएम मोदी के जनसेवा की यात्रा जारी है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने आरंभिक जीवन में कष्ट उठाता है,गरीबी देखी हो वही व्यक्ति जब किसी पद पर पहुंचता है तो अपने उस जीवन को याद करता है और अपने अनुभव के अनुसार गरीब, मजदूर, शोषित, किसानों के लिए योजनाएं बनाते है और उनके कल्याण के लिए काम करते हैं। नरेंद्र मोदी बिना भेदभाव के सभी लोगों, सभी वर्गों के लिए ऐसा ही प्रयास कर रहे हैं।

श्री साहू ने कहा कि आजादी के बाद देश में कई सरकारें आई और चली गई लेकिन किसी सरकार ने गरीब, शोषित, वंचित लोगों की चिन्ता नहीं की। चुनाव के वक्त वादें करते थे और चुनाव बाद भूल जाते थे। लेकिन 2014 के बाद जब से नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में सरकार बनी है तब से लेकर अब तक गरीब, शोषित, वंचित, किसान,मजदूर के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई गई और उन योजनाओं से देश में क्रांतिकारी बदलाव हुए। प्रधानमंत्री ने गांव के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की चिंता की।

श्री साहू ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का मान सम्मान बढ़ा है। 2014 के बाद से देश मजबूत और एकजुट हुआ है। 2014 के से जब किसी ने भारत को गलत नजर से आंख दिखाने की दुस्साहस किया है नरेंद्र मोदी सरकार ने आंख में आंख डाल कर मुंहतोड़ जबाब दिया है। देश आज सुरक्षित और सही नेतृत्व के हाथों में है।

श्री साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी चाहे मुख्यमंत्री रहे हों या प्रधानसेवक, उन्होंने अपनी क्षमता और नेतृत्व को साबित किया है। गुजरात में जब भयंकर भूकम्प आया था, गुजरात एक प्रकार से पूरी तरह से बर्बाद हो गया था, दुनिया को लगा कि अब गुजरात इस बर्बादी से कभी उबर नहीं पायेगा, तब उसे नरेंद्र मोदी ने एक चुनौती के रुप में स्वीकार करते हुए, गुजरात को उससे बाहर निकाला। नरेंद्र मोदी ने यह साबित किया कि अगर आपकी  नीति और नियत दोनो सही है तो कोई काम कठिन नहीं है।

श्री साहू ने कहा कि 2014 से पहले जब किसान, गरीब,मजदूरों को जब भूख लगती थी तो वे पेट में कपड़ा बांध कर सोते थे, जब भूख मिटती थी तो फिर से काम करने लगते थे। उस पीड़ा को मोदी जी ने अनुभव किया और उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाई। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज दिया ताकि कोई भूख से न सोए। आयुष्मान योजना लाया ताकि किसी का मृत्यु पैसे के अभाव में न हो।

मोदी के नेतृत्व में देश से आतंकवाद समाप्त हो गयी है,जम्मू कश्मीर में पहले माताओं एवं बहनों की इज्जत लूटी जाती थी, लेकिन 2014 के बाद से वहां माँ एवं बहनों की इज्जत सुरक्षित हैं। आज देश बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र से निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज की प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *