रांची में हुई हत्या, लूट और चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, दो गिरफ्तार, दोनों आरोपियों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकारी
औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ी में 26 अगस्त को मिले युवक के शव की हत्या का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने एक ही रात में हत्या, लूट और चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू समेत चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ी में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान उपेन्द्र कुमार मिश्रा (32), पिता त्रिलोकीनाथ मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली कृष्णावाडो, थाना सुखदेवनगर, रांची के रूप में हुई। परिजनों के आवेदन पर कोतवाली थाना में कांड संख्या 189/26 के तहत हत्या और लूट की प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसी दौरान अरगोड़ा थाना क्षेत्र में सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक को चाकू मारकर मोबाइल लूटने की घटना की जानकारी सामने आई। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया। वहीं, उसी रात बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन में घुसकर मोबाइल चोरी की घटना भी हुई, जिसके संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज किया गया।
तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह
प्रारंभिक जांच में पुलिस को तीनों घटनाओं के बीच समानता मिली। जांच में सामने आया कि वारदातें एक ही रात में हुईं और अपराध का तरीका भी लगभग समान था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया।
SIT ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटे और चोरी किए गए मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े और चप्पल बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक और ट्रक चालक से लूटे गए दो मोबाइल, एक मजदूर से चोरी किया गया मोबाइल तथा एक की-पैड मोबाइल सहित कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील का चाकू भी बरामद किया गया है।
पहले से आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। उसके खिलाफ सुखदेवनगर, अरगोड़ा और चुटिया थानों में वर्ष 2019 से 2024 के बीच कई कांड दर्ज हुए हैं। वहीं, दूसरे आरोपी राकेश कुमार यादव के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2023 में चोरी और घर में सेंधमारी से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
