रक्षाबंधन के अवसर पर रांची पुलिस का यह चेहरा देख, रांचीवासियों को जरूर अच्छा लगा होगा
आज रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं कोतवाली एएसपी ने रांची के पांडरा स्थित बालाश्रय एवं चुटिया स्थित प्रेमाश्रय के बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखियां बाँधीं, उन्हें अपना भाई और संरक्षक मानते हुए स्नेह और विश्वास का भाव प्रकट किया।

अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया, उनसे बातचीत की, उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की इच्छाओं के बारे में जाना तथा उन्हें उपहार भेंट कर उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने जोर दिया कि ऐसे अवसर न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं। रक्षाबंधन का यह आयोजन बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय याद बन गया और यह संदेश दे गया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था का संरक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी भी है। इस अवसर पर स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।
