अपराध

रांची के धुर्वा में वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा, आठ बाइक बरामद

धुर्वा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की आठ मोटरसाइकिल समेत कुल 10 वाहनों को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पकड़े जाने से रांची और सीमावर्ती जिलों में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े दर्जनों मामलों के उद्भेदन की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को धुर्वा थाना पुलिस द्वारा सिठियो-धुर्वा मार्ग स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के पास करीब 2:30 बजे वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोग पुलिस चेकिंग देखकर बाइक घुमाकर सिठियो की ओर भागने का प्रयास करने लगे। सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ तथा बरामद मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच में वाहनों के चोरी के होने की जानकारी मिली। सत्यापन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी एक संगठित मोटरसाइकिल चोरी गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह के सदस्य विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में जाकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे और बाद में नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में उनकी बिक्री करते थे।

इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 226/26, दिनांक 25.08.2026, धारा 112(2)/317(2)/317(5)/303(2)/340(2)/341(1)/336(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों द्वारा गिरोह बनाकर संगठित तरीके से मोटरसाइकिल चोरी और बिक्री किए जाने की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विभिन्न थानों के पदाधिकारियों को शामिल कर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें तथा चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. भरत बैठा (26), पिता भोला बैठा, निवासी तुतलो, थाना नरकोपी, रांची।
  2. सुनील करमाली (25), पिता महावीर करमाली, निवासी लुकैया, थाना पिपरवार, चतरा।
  3. रोहित उरांव (22), पिता बिग्लु उरांव, निवासी भग्या, थाना बालूमाथ, लातेहार।
  4. रोहित कुमार मुंडा (28), पिता सनराज मुंडा, निवासी मंगरूतरी, थाना मैक्लुस्कीगंज, रांची।
  5. प्रदीप उरांव, पिता रामेश्वर उरांव, निवासी लुकैया, थाना पिपरवार।
  6. संजय गंझू (22), पिता चोरटा गंझू, निवासी भग्या, थाना बालूमाथ, लातेहार।
  7. सरजू मुंडा, पिता राजकुमार मुंडा, निवासी भग्या, थाना बालूमाथ, लातेहार।
  8. सुमित उरांव (29), पिता स्वर्गीय महाबीर उरांव, निवासी उलातु, थाना टंडवा।

बरामद वाहन

पुलिस ने एसपी शाइन, अपाची, हीरो होंडा डीलक्स, होंडा शाइन, सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो और यामाहा आर-15 समेत कई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में नंबर प्लेट पर JH01DD-9528, JH01EQ-8514, JHAJ-7312, JH01DP-6735, JH01CZ-9802, JH01CP-8211, JH3AA-8531, JH01DA-9966 और JH05DG-1131 अंकित नंबर वाली मोटरसाइकिलें शामिल हैं। एक अन्य मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट JH01CR-8—-65 के रूप में दर्ज है।

भरत बैठा का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी भरत बैठा के खिलाफ कोतवाली, चुटिया, धुर्वा, बालूमाथ, कुरू, नामकुम और जगन्नाथपुर थानों में चोरी, चोरी का सामान रखने व खरीद-बिक्री समेत अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ जगन्नाथपुर थाना में वर्ष 2023 और 2025 के भी मामले दर्ज हैं। वहीं, सुनील करमाली के खिलाफ खलारी थाना में वर्ष 2021 में चोरी और चोरी का सामान रखने का मामला दर्ज है।

रोहित उरांव के खिलाफ बालूमाथ, धुर्वा और नामकुम थाना में चोरी व चोरी का सामान रखने से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी से रांची सहित आसपास के जिलों में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *