अपनी बात

स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने और ऐतिहासिक इक्कीसो महादेव को संरक्षित करने के संकल्प के साथ स्वर्णरेखा उत्थान समिति द्वारा आयोजित कांवर यात्रा में सैकड़ों कांवरियों ने लिया हिस्सा

स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने और ऐतिहासिक इक्कीसो महादेव को संरक्षित करने के संकल्प के साथ स्वर्णरेखा उत्थान समिति द्वारा आयोजित कांवर यात्रा में रविवार को सैकड़ों कांवरियों ने हिस्सा लिया। कांवरियों ने नगड़ी स्थित स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल रानीचुआं से चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव मंदिर तक पैदल यात्रा की। कांवर यात्रा में महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय रही। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों को स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जागरूक किया।

यात्रा के दौरान नगड़ी, कटहल मोड़, अरगोड़ा और कडरू के पास चार पड़ाव बनाए गए थे। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों ने स्वागत शिविर लगाकर कांवरियों का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को पानी, चाय, फल और जूस उपलब्ध कराया गया। कांवरिये अपराह्न 4:30 बजे चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव के शिवलिंगों पर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में कान्यकुब्ज स्वर्णकार पंचायत की ओर से महाभोग की व्यवस्था की गई, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

ज्ञात हो कि स्वर्णरेखा उत्थान समिति पिछले 11 वर्षों से स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने और ऐतिहासिक धरोहर इक्कीसो महादेव के संरक्षण के लिए अभियान चला रही है। वर्ष 2017 में पांच लोगों से शुरू हुई इस कांवर यात्रा को वर्ष 2023 से समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष व्यापक जनजागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष यात्रा में शामिल होने वाले कांवरियों की संख्या बढ़ रही है।

समिति द्वारा इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड लिखने का अभियान भी चलाया जा चुका है। समिति का उद्देश्य स्वर्णरेखा नदी के संरक्षण के साथ लोगों को अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है। कांवर यात्रा के आयोजन में गौतम देब, मनोज महतो, राजदीप महतो, सत्येंद्र रजक, अनंत तिवारी, अश्विनी कुमार, जितेंद्र कुमार, रविन्द्र कुमार, मनीष केसरी, भोला साव, नंदू साव, शांति बाड़ा सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *