रांची के राहे थाना क्षेत्र में हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त फरसा, बाइक और चार मोबाइल बरामद
रांची पुलिस ने राहे थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, एक बाइक तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पैसे की तंगी और लूट की योजना के दौरान विवाद होने पर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को राहे थाना क्षेत्र के परामडीह टुंगरीटोला स्थित सुनसान स्थान पर एक अज्ञात व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या की सूचना मिली थी। इस संबंध में राहे थाना कांड संख्या18/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सिल्ली थाना क्षेत्र के गाढ़ा गांव निवासी कंचन महतो के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल रमन दास उर्फ रामदूत, फागु तेली तथा शशि कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रुपये की कमी के कारण लूट की योजना बना रहे थे। इसी दौरान मृतक से कहासुनी और गाली-गलौज हो गई, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने फरसे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक फरसा, एक हीरो स्पेलंडर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई में बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में राहे, बुंडू, सोनाहातू, दशमफॉल एवं तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
