भूमिगत माओवादी नेटवर्क पर बड़ी चोट: तीन हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद
सरायकेला-खरसावां पुलिस, झारखंड पुलिस, कोबरा-203, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर एक इंसास राइफल, एक एकेएम-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, सैकड़ों कारतूस, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से दलमा एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी बड़ी नक्सली घटना की साजिश विफल हो गई।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव स्थित एक मकान में माओवादी संगठन के सदस्य किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाकर गांव की घेराबंदी की गई, जहां से संगठन के सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन सिंह को एक लोडेड एकेएम-47 राइफल, गोलियों और वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की छापेमारी में चांडिल थाना क्षेत्र से संगठन के रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो तथा सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मीना पहाड़िया, गिरफ्तार नक्सली रवि सिंह सरदार की पत्नी बताई गई है।
पूछताछ के बाद तीनों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ से पुलिस ने छिपाकर रखी गई एक इंसास राइफल, एकेएम-47 की 208 अतिरिक्त गोलियां तथा विस्फोटक में प्रयुक्त कोडेक्स वायर बरामद किया। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पहले दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे और हाल के दिनों में सारंडा क्षेत्र में पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण इस इलाके में बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी दलमा क्षेत्र में पुलिस बल पर हमले, हथियार लूट सहित कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने एक एकेएम-47 राइफल, एक इंसास राइफल, दो मैगजीन, एक 9 एमएम पिस्टल, कुल 361 एकेएम-47 के कारतूस, 42 नौ एमएम कारतूस, तीन बंडल विस्फोटक वायर, एक वॉकी-टॉकी, पुलिस की बेल्ट, टॉर्च, छाता तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, यूएपीए तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और संगठन की गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
