रांची में तांत्रिक के हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर, खोरहा टोली में हुए चर्चित हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्तौल, कारतूस, खून लगा लोहे का पिलास, लूटे गए आभूषण, खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 22 जुलाई की मध्यरात्रि में न्यू तपोवन कॉलोनी, कोकर निवासी रमेश ठाकुर की अज्ञात अपराधियों ने सिमोन नगर स्थित उनके मकान में हत्या कर दी थी। वारदात के बाद अपराधी मृतक के पहने हुए आभूषण भी लूटकर फरार हो गए थे। मामले में मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर के आवेदन पर सदर थाना कांड संख्या-343/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जांच में सामने आई यह कहानी
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक कथित रूप से तंत्र-मंत्र एवं ओझा-गुनी का कार्य करता था। इसी दौरान उसकी पहचान अमित चौधरी से हुई, जिसके माध्यम से सचिन कुमार गुप्ता और निरंजन स्वासी उर्फ नीरज से भी संपर्क बना। पुलिस का दावा है कि मृतक तीनों को धन प्राप्ति का प्रलोभन देकर कथित तांत्रिक प्रक्रिया में शामिल करता था।
जांच में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लंबे समय तक कथित तांत्रिक प्रक्रिया के बावजूद न तो उन्हें किसी प्रकार का लाभ मिला और न ही धन वर्षा जैसी बात सच साबित हुई। इसके बाद तीनों ने घटना वाले दिन रमेश ठाकुर की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले मृतक पर देशी पिस्तौल से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद पास में रखे लोहे के पिलास से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और आभूषण लेकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी
- अमित चौधरी, निवासी पोखर टोली, मिलन चौक, डोरंडा।
- निरंजन स्वासी उर्फ नीरज, वर्तमान पता श्रीजन बिल्डकॉम, मातृका आश्रम, लालपुर; स्थायी निवासी ग्राम मैपा, थाना अड़की।
- सचिन कुमार गुप्ता, वर्तमान निवासी डीएवी स्कूल के समीप, खूँटी; स्थायी निवासी काली स्थान चर्च रोड, लोअर बाजार, रांची।
