राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पिस्का रेलवे स्टेशन में आयोजित समारोह में हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण समारोह के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पिस्का रेलवे स्टेशन में आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए। विदित हो कि इस योजना के अंतर्गत झारखण्ड के पिस्का एवं मुरी रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण किया गया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की योजना नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं यात्री-केंद्रित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन के शुभारंभ को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में देश की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्व-स्तरीय परिवहन व्यवस्था के रूप में निरंतर विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत ट्रेनों, रेल विद्युतीकरण तथा ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों के माध्यम से भारतीय रेल नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित पिस्का एवं मुरी रेलवे स्टेशन झारखण्ड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति एवं विरासत को भी इन स्टेशनों के स्वरूप में स्थान दिया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक रेलवे अवसंरचना राज्य में पर्यटन, व्यापार, निवेश एवं रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगी तथा बेहतर रेल संपर्क समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।
