रामगढ़ पुलिस को मिली सफलता, शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में अप्रैल माह में हुई बहुचर्चित डकैती कांड के मुख्य सह-साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर रामगढ़ पुलिस ने मामले के उद्भेदन में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, मोटरसाइकिल तथा बड़ी मात्रा में लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में रजरप्पा थाना कांड संख्या-48/2026 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान चला रही थी।
इसी क्रम में 12 जुलाई 2026 को पुलिस ने मामले के प्राथमिक अभियुक्त शमशेर आलम उर्फ शमशेर, निवासी फुलसराय, रामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा लगभग 370 ग्राम सोने और 160 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में डकैती, लूट और छिनतई से जुड़े कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास झारखंड के कई जिलों के विभिन्न थानों में फैला हुआ है।
इस मामले में इससे पूर्व 24 अप्रैल 2026 को सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक कार, एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। इसके बाद 10 मई को दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनके पास से लगभग 1350 ग्राम चांदी और 49 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए थे। वहीं, इस कांड के मास्टरमाइंड विभाष पासवान उर्फ मृगेन्द्र पासवान ने 16 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
रामगढ़ पुलिस के अनुसार अब तक इस डकैती कांड में कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अभियुक्त न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। कार्रवाई के दौरान कुल लगभग 565 ग्राम सोने एवं लगभग तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक कार, एक स्कूटी, तीन मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, दो पिस्टल, तीन मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। रामगढ़ पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
