अपराध

फिरौती और हवाला नेटवर्क से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड प्रिंस खान की तलाश जारी

चतरा पुलिस ने संगठित अपराध और फिरौती के मामलों में वांछित अपराधी प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके दो प्रमुख सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से गिरोह के आर्थिक लेन-देन और हवाला नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिठौरिया निवासी प्रेमचंद सिंह की शिकायत पर प्रिंस खान के खिलाफ फिरौती और रंगदारी मांगने के आरोप में हंटरगंज थाना कांड संख्या-206/25, दिनांक 11 नवंबर 2025, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व में गिरोह के एक सदस्य कृत कुमार सिंह उर्फ आयुष को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसी क्रम में चतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर 10 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय सहयोगियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के कायम नगर निवासी अशरफ आलम (30 वर्ष) तथा झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कारीर नगर निवासी सहाब अंसारी शामिल हैं, जो वर्तमान में बिहार के भोजपुर जिले में रह रहा था।

पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से प्रिंस खान गिरोह और उसके शूटरों के बीच आर्थिक लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने विदेशों से आर्थिक संबंध और हवाला के माध्यम से धन के लेन-देन की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और प्रिंस खान गिरोह के सहयोगियों द्वारा भेजी गई राशि के ट्रांजेक्शन डिटेल्स बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सहाब अंसारी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 138/2023 तथा गोविंदपुर थाना कांड संख्या 225/2023 शामिल हैं। इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सन्नी वर्मन, हंटरगंज अंचल के पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सहित तकनीकी सेल एवं हंटरगंज थाना के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और प्रिंस खान समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *