अपराध

रांची के मांडर में प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या कराने का असफल प्रयास, पुलिस ने इस कांड में शामिल पांच लोगों को किया गिरफ्तार

रांची पुलिस ने एक संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि दिनांक 30.06.2026 को अहले सुबह डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बोन्डो, महुआजाड़ी थाना माण्डर जिला राँची में कुलदीप खलखो के घर पर किसी अज्ञात अपराधी द्वारा सुतरी बम फेका गया है। जिससे घर का अल्वेस्टर टूट गया है तथा घर से बाहर एवं छत पर तीन जिंदा सुतरी बम पड़ा हुआ है।

उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक रांची द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी, रांची के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं गश्ती दल को शामिल करते हुए एक छापामारी टीम का गठन किया गया तथा अविलम्ब घटनास्थल पर पहुँच कर आवश्यक विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल ग्राम-बोण्डो स्थित कुलदीप खलखो के घर पर पहुँची तो देखी कि घर के दक्षिण तरफ एक फटा हुआ देशी सुतरी बम का अवशेष बिखरा हुआ है तथा घर के आस-पास तीन जिंदा सुतरी बम पड़ा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा कागजी कार्रवाई पूर्ण कर तीनो बमों को बी०डी०एस० टीम की मदद से निष्क्रिय किया गया तथा कुलदीप खलखो एवं उनके परिजनों से विस्तार से पूछ-ताछ किया गया।

पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल समीर केरकेट्टा को महज छः घंटे के अन्दर गिरफ्तार किया गया। इसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इटकी, बेड़ो, आदि थाना क्षेत्र में छापामारी कर काण्ड में शामिल सरिता कुजूर, तबरेज अंसारी को गिरफ्तार किया गया एवं दो विधि विरूद्ध किशोर को निरूद्ध किया गया।

साथ ही काण्ड में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। अनुसंधान के क्रम में घटना के कारण के संबंध में पता चला कि काण्ड के वादी कुलदीप खलखो का संबंध आज से एक वर्ष पूर्व सरिता कुजूर से था। परन्तु बीच में सरिता कुजूर अभियुक्त समीर केरकेट्टा के साथ प्रेम करने लगी तथा उसी के साथ रहने लगी।

जिस कारण कुलदीप खलखो एवं समीर केरकेट्टा के बीच मतभेद हो गया था। इसी बात को लेकर कुलदीप खलखो को हत्या करने के नीयत से उपरोक्त सभी अभियुक्तों द्वारा एक साजिश के तहत कुलदीप खलखो के सोने वाले कमरा के छत पर चार देशी सुतरी बम फेका गया। परन्तु फेके गये बम से किसी की जान माल की क्षति नहीं हुई। यह घटना पूर्णतः प्रेम प्रसंग का है। घटना के पूर्व अपराधियों के द्वारा कुलदीप खलखो के घर का रेकी किया गया था तथा समीर केरकेट्टा को अभि० तबरेज अंसारी एवं अन्य द्वारा जंगल क्षेत्र में जाकर बम फेकने का रिहर्सल कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *