राजनीति

झामुमो कार्यकर्ता महासम्मेलन में जुटी हजारों की भीड़, संगठन मजबूती और मतदाता जागरूकता पर दिया गया जोर  

सिमडेगा जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन, बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों तथा सिमडेगा, कोलेबिरा एवं तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम मे विशिष्ट अतिथि के रूप में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया उपस्थित रहे। सिमडेगा पहुंचने पर पार्टी महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय एवं तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया का झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफिक खान एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहे, हेमंत सोरेन जिंदाबाद, तीर धनुष जिंदाबाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफिक खान एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

विनोद कुमार पाण्डेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सकारात्मक योगदान दें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और त्रुटियों के निराकरण में सहयोग करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने किया। कार्यशाला के दौरान बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रियाओं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने और नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश दिए गए। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

मौके पर कार्यकता सम्मेलन में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष अनिल कांडुलना, जिला सचिव सफीक खान, जिला उपाध्यक्ष अनिल तिर्की, रितेश बड़ाइक, ओस्कर डांग, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, केंद्रीय समिति सदस्य फिरोज अली, बिरजो कंडुलना, नुवास केरकेट्टा, प्रफुल्लित डुंगडुंग, नुसरत खातून, सुनील खेस, जुसाफ लुगुन, संजू डांग, क्रीड़ा मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र साहू, सभी जिला समिति के पदाधिकारी, सभी वर्ग संगठन के अध्यक्ष सचिव एवं सभी पदाधिकारी, नगर समिति के अध्यक्ष सचिव एवं सभी पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड के अध्यक्ष सचिव, सभी पंचायत के अध्यक्ष सचिव, सभी BLA- 2 सभी बूथ समिति के सदस्य एवं पार्टी के सक्रिय साथी पार्टी के सभी विंग के नेता एवं हजारों की संख्या मे कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *