इस बार पूरे उत्साह के साथ पूरे झारखण्ड में मनाया जायेगा विश्व पर्यावरण दिवसः संजीव कुमार
प्रधान मुख्य वन संरक्षक, झारखंड हॉफ, संजीव कुमार ने आज वन भवन में संवाददाताता सम्मेलन के दौरान बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पूरे उत्साह से संपूर्ण झारखंड में मनाया जाएगा। वन विभाग अपने साथ-साथ पूरे राज्य को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने तथा इसके महत्व को बता कर जागरूक कर रहा है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान वन विभाग झारखंड के कॉन्फ्रेंस हॉल में मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी झारखंड एस आर नटेश तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी रांची श्रीकांत वर्मा भी उपस्थित थे।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का थीम जलवायु परिवर्तन से सुरक्षा है। लोकल से ग्लोबल तक पर्यावरण का असर होता है, वैश्विक स्तर पर देश के स्तर पर, समुदाय के स्तर पर पर्यावरण का दुष्प्रभाव ना पड़े, इसके लिए हम सब को कार्य करना है। वन विभाग झारखंड इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए एक सप्ताह का कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने कहा कि वैसे तो उनके विभाग का कार्य सालों भर जन जागरूकता फैलाकर पर्यावरण की सुरक्षा का कार्य करता है क्योंकि कोई भी कार्य कोई भी विभाग कोई भी संस्था अकेले नहीं कर सकता है, सभी को समस्या के समाधान के लिए प्रयास करना होगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक झारखंड ने कहा कि आज एक जून को बायोडायवर्सिटी पार्क में इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई। दो जून को होरहाफ में बर्ड वाचिंग का कार्य किया जाएगा, उनकी संख्या वैरायटी का पता लगाया जाएगा तथा साफ सफाई का कार्य किया जाएगा। तीन तारीख को साइक्लोथोन और वॉकथोन का कार्यक्रम किया जाएगा।
वन भवन डोरंडा से ऑक्सीजन पार्क तक साइक्लोथोंन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा वन भवन डोरंडा से हिनू तक वॉकथोन कार्यक्रम किया जाएगा। चार जून को पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें बच्चों के लिए पर्यावरण से संबंधित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। साथ ही योग का भी कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का मुख्य कार्यक्रम पलाश सभागार डोरंडा, रांची में किया जाएगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक झारखंड संजीव कुमार ने कहा कि वन पर्यावरण विभाग झारखंड पूरे साल वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जैव विविधता, बंजर भूमि विकास आदि का कार्य करता रहता है। इसमें 10000 के आसपास हमारे संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा समाज के सभी लोगों का हमें साथ मिलता है एवं हम भविष्य में सभी के सहयोग से पर्यावरण को अच्छा बनाने के प्रयासरत हैं। पांच जून को मुख्य कार्य क्रम के अवसर पर पलाश सभागार में वन एवं पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले को सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा।
