झारखंड में मतदाता सूची के SIR हेतु BLO द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्यक्रम 30 जून से: सुबोध कुमार
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने कहा है कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक किया जाना है। इस क्रम में बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म बांटे एवं मतदाताओं द्वारा सत्यापित किए जाने के उपरांत संग्रहित किये जाएगें। सुबोध कुमार ने कहा कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु पहले से तैयारियां की जा रहीं हैं, इसके तहत राज्य में 73% मतदाताओं की मैपिंग विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से बीएलओ द्वारा की जा चुकी है।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वैसे मतदाता जिनकी अभी तक मैपिंग नहीं हो सकी है उनकी सूची सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई 2026 से लगाई जाएगी एवं उनके बीएलओ के नाम एवं फोन नंबर भी उपलब्ध कराये जाएंगे, जिससे मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क करते हुए मतदाता सूची में अपनी मैपिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं के मैपिंग के क्रम में घर घर जाकर स्टीकर लगाने का भी कार्य किया गया है जिसमें उनके बीएलओ का नाम नंबर अंकित है इसके साथ साथ ECINET पर उपलब्ध “बुक ए कॉल” फीचर का इस्तेमाल करते हुए भी अपने बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।
