राजनीति

यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ टाटानगर जंक्शन पर 26 को हस्ताक्षर अभियान, बनेंगी 15-15 लोगों की टोलियां, लिया जायेगा यात्रियों से फीडबैक

यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में रेल यात्री संघर्ष समिति की तरफ से आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में आज केबुल टाउन में जरूरी बैठक हुई। बैठक में विशेष तौर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौजूद रहे। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ इसके प्रबंधन के बारे में भी निर्देश दिये।

सरयू राय ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के लिए 15-15 लोगों की टोलियां बनाई जाएं। ये टोलियां टाटानगर रेलवे जंक्शन के हर प्लेटफार्म पर जाएंगी। ये टोलियां हर आने-जाने वाले यात्रिय़ों का फीडबैक लेंगी। फीडबैक के लिए पर्चा और दिया जाएगा। पर्चे में क्यूआर कोड भी होगा। यात्री चाहें तो क्यूआर कोड को स्कैन करके अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के बाहर एक वाइट बोर्ड लगाया जाएगा जिसमें यात्रियों के दस्तखत लिये जाएंगे।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कई यात्री घाटशिला के होते हैं। लेकिन ट्रेनों का ठहराव घाटशिला स्टेशन पर नहीं होता। अधिकांश ट्रेनें घाटशिला में न रुक कर टाटानगर में ही रुकती हैं। ऐसे में अगर ट्रेन विलंब से टाटानगर पहुंचेगी तो यात्री को घाटशिला जाने में भी काफी विलंब होगा।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि यात्री ट्रेनों को रोक कर मालगाड़ियों को आगे बढ़ाने का फैसला किसका है? क्या डीआरएम ने ये फैसला किया? क्या रेलवे बोर्ड ने ये फैसला किया? क्या रेल महाप्रबंधक ने ये फैसला किया? क्या कोई सर्कुलर जारी हुआ? चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। बैठक में प्रमुख रुप से रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार समेत दर्जनों लोग शामिल थे।

उधर, इसी संबंध में जदयू महानगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने आगामी 26 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विषय प्रवेश कराया। उन्होंने 26 अप्रैल के कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जदयू पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने सुझाव दिया कि टोली बनाकर व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से सुबह 9:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का आह्वान किया तथा इस आंदोलन में सभी सामाजिक संगठनों को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया।

बैठक में कुलविंदर सिंह पन्नू, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर, शंकर कर्मकार, शमशाद खान, चुन्नू भूमिज, प्रवीण सिंह, दुर्गा राव, विजय सिंह, संजीव सिंह, अशोक सिंह, मृत्युंजय शर्मा, दिनेश सिंह, देव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संचालन राजीव कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *