झारखण्ड से बड़े पैमाने पर गायब हो रही नाबालिग लड़कियों को लेकर चिंतित हुए राज्यपाल, डीजीपी को लिखा पत्र, इस मामले को गंभीरता से देखने को कहा
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के निदेश पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी द्वारा राज्य के पुलिस महानिदेशक को नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी से संबंधित मामलों के संदर्भ में पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि विगत कुछ दिनों से राज्य में नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के मामले लगातार प्रकाश में आ रहे हैं। इन मामलों में कई बार स्थानीय पुलिस द्वारा समय पर समुचित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण गंभीर एवं अप्रिय घटनाएँ घटित हो रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
राज्यपाल ने इस प्रकार की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन की ऐसी कार्यप्रणाली पर खेद प्रकट किया है तथा निदेशित किया है कि राज्य के सभी जिलों में गुमशुदगी से संबंधित मामलों की विशेष समीक्षा करते हुए इनकी जाँच प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाए। साथ ही, जिलावार लंबित मामलों का अद्यतन विवरण संकलित कर अवलोकनार्थ लोक भवन को उपलब्ध कराने का भी निदेश दिया गया है।
राज्यपाल ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों में कानून का भय होना चाहिए। उन्होंने बल दिया कि राज्य की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी लड़कियाँ सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें। विदित हो कि राज्यपाल को नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी से संबंधित कई ज्ञापन भी प्राप्त हुए हैं।
