मेदिनीनगर बस स्टैंड रोड गोलीकांड का सफल उद्भेदन, सुपारी किलिंग का खुलासा, पांच अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार एवं नगद बरामद
दिनांक 02.04.2026 को समय लगभग 22:40 बजे शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरो शोरूम के सामने, बस स्टैंड रोड स्थित नगर पालिका मार्केट में फैज खान (उम्र लगभग 40 वर्ष) एवं उसके सहयोगियों द्वारा मो० समीर उर्फ गुड्डू (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी कुंड मोहल्ला, थाना शहर, जिला पलामू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में शहर थाना कांड सं०-120/2026, दिनांक 03.04.2026, धारा-130(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 03.04.2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र के टईया के पास छापामारी की गई। पुलिस टीम को देखकर अभियुक्तों द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में आत्मरक्षा हेतु पुलिस द्वारा भी कार्रवाई की गई। इस दौरान मुख्य अभियुक्त फैज खान के पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से दो अन्य अभियुक्त आदर्श कुमार उर्फ धोनी एवं तारिक साह उर्फ मुन्नान साह को खदेड़कर गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अभियुक्त फरार होने में सफल रहा।
पूछताछ के क्रम में मुख्य अभियुक्त फैज खान ने खुलासा किया कि शहर थाना कांड सं०-120/26 के वादी इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला का मृतक मो० समीर उर्फ गुड्डू के साथ जमीन विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण मिंटू डाला एवं उसके सहयोगी शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन द्वारा फैज खान को हत्या के लिए ₹2 लाख की सुपारी दी गई थी। इस आधार पर पुलिस द्वारा इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला एवं शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में पांकी थाना कांड सं०-43/2026, दिनांक 03.04.2026, धारा-118(1)/118(2)/109(1)/121(2)/132/111(2)(a)/221/3(5) BNS एवं 25(1-B)(a)/26/27(1)/35/25(6) आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उनके नाम और पता इस प्रकार है। शहर थाना कांड में इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला, उम्र 45 वर्ष, और शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन, उम्र 27 वर्ष दोनों पहाड़ी मोहल्ला, जबकि पांकी थाना कांड संख्या 43/26 मामले में फैज खान, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी मुस्लिमनगर, साई मोहल्ला, आदर्श कुमार उर्फ धोनी, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी तेतराई, थाना पांकी और तारिक साह उर्फ मुन्नान, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी पहाड़ी मोहल्ला।
इन अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल (7.65 एमएम), एक जिन्दा गोली एवं एक खोखा, एक देशी 9 एमएम पिस्टल (लोडेड) एवं दो जिन्दा गोली, एक ग्लैमर मोटरसाइकिल एवं ₹39,400/- नगद (सुपारी राशि का हिस्सा) बरामद किया गया है। फैज खान, इसराइल आजाद, शहजाद आलम और तारिक शाह का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। इनके खिलाफ कई थानों में अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।
