पड़वा थाना क्षेत्र में भीड़ हिंसा की घटना का सफल उद्भेदन, दो अभियुक्त गिरफ्तार
दिनांक 21/22.02.2026 की रात्रि में पड़वा थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोकरसा, टोला तेलियाही में एक व्यक्ति को चोरी के संदेह में पकड़कर बांधकर मारपीट की जा रही है। सूचना के आधार पर सन्हा दर्ज करते हुए गश्ती दल को तत्काल सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु घटनास्थल पर भेजा गया।
घटनास्थल पर पहुँचकर गश्ती दल के पदाधिकारी सअनि जितेन्द्र कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम कोकरसा, टोला तेलियाही निवासी पारसनाथ मेहता के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैट्री चोरी के संदेह में एक व्यक्ति पवन कुमार, पिता – मनोज राम, निवासी – ग्राम कोकरसा को पकड़कर घर के बरामदे में लगी चौकी से दोनों हाथ-पैर बाँधकर बेरहमी से मारपीट की गई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस द्वारा उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर घायल व्यक्ति पवन कुमार को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया तथा तत्काल उपचार हेतु सदर अस्पताल, मेदिनीनगर भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के संबंध में मृतक के पिता मनोज राम के लिखित आवेदन के आधार पर पड़वा थाना कांड संख्या-13/2026, दिनांक-22.02.2026, धारा-103(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
अनुसंधान के क्रम में अभियुक्त पारसनाथ मेहता से पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा स्वीकार किया गया कि दिनांक 21.02.2026 की रात्रि मृतक पवन कुमार चोरी-छिपे उसके घर एक लड़की से मिलने आया था। जानकारी मिलने पर घर के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पवन कुमार को हाथ-पैर बाँधकर मारपीट की गई तथा पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर से बैट्री चोरी के प्रयास की झूठी सूचना आसपास के लोगों में फैलाई गई, जिसके बाद पड़ोसियों द्वारा भी पवन कुमार के साथ मारपीट की गई। गंभीर मारपीट कर हत्या किए जाने के आरोप में अभियुक्त पारसनाथ मेहता एवं उनके पिता बिरेन्द्र महतो को गिरफ्तार कर दिनांक23.02.2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
