अपराध

कोडरमा में भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट, विभिन्न शराब के ब्रांड का लोगो, रैपर, ढक्कन एवं नकली शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले रासायनिक पदार्थ बरामद, दो आरोपी भी गिरफ्तार

कोडरमा पुलिस का कहना है कि अनुदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक कोडरमा के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब का निर्माण, भण्डारण एवं तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कम में बीते कल अपराह्न में गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि चंदवारा थानान्तर्गत ग्राम चंदवारा (भुईंया टोली) चांदनी तालाब के पास स्थित पीयूष कुमार पाण्डेय पिता दिलीप पाण्डेय उर्फ रघु पाण्डेय ग्राम चंदवारा टोला महुगाईं थाना चंदवारा जिला कोडरमा के बंद पड़े मुर्गी फार्म में वृहत पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण एवं तस्करी किया जा रहा है।

उक्त सूचना का सत्यापन एवं त्वरित विधि सम्मत कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक कोडरमा द्वारा पु०अ०नि० शशिभूषण कुमार, थाना प्रभारी, चंदवारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। उक्त गठित टीम द्वारा तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए सूचना स्थल पर छापामारी हेतु पहुँची कि पुलिस बलों को देखकर वहाँ से कुछ लोग भागने लगे, जिनमें से पुलिस टीम द्वारा पीछा कर दो व्यक्तियों को पकडा गया, शेष लोग भागने में सफल हो गये।

पकड़े गये दोनों व्यक्तियों की पहचान 1. कन्हैया कुमार उम्र 30 वर्ष पिता मदन सिंह साकिन मोजाहिदपुर थाना एन०टी०पी०सी० बाढ़, जिला पटना, हा० मो० कलाली रोड तिलैया एवं 2. गोपाल सिंह उम्र 50 वर्ष पिता स्व० बिरजु सिंह साकिन बेलारू थाना अतरी जिला गया के रूप में हुई। पकडे गये दोनों व्यक्तियों से पुलिस टीम ने गहराई से पूछताछ की, जिस क्रम में कन्हैया कुमार द्वारा बतलाया गया कि पिछले कई महीनों से ये पीयूष कुमार पांडेय एवं उसके भाई आयुष कुमार पाण्डेय द्वारा संचालित अवैध शराब निर्माण फैक्ट्री में काम कर रहे थे।

इनके साथ चंदवारा के अंकित कुमार पिता त्रिभुवन पाण्डेय भी फैक्ट्री काम कर रहे थे, जो पुलिस को देखकर भाग गये। जबकि गोपाल सिंह द्वारा बताया गया कि इन्हें पीयूष पाण्डेय अपने शराब फैक्ट्री में तैयार नकली शराब की तस्करी हेतु बुलाये थे तो ये एवं इनके साथी संजीव पाण्डेय स्वीफ्ट डिजायर कार (BR01FL6469) से आये थे। संजीव पाण्डेय पुलिस को देखकर भाग गये। उक्त दोनों पकडे गये लोगों द्वारा यह भी बतलाया गया कि इस अवैध कारोबार में इन सबों के अलावा महेश साव पिता नकुल साव ग्राम चंदवारा पश्चिमी, सुनील कुशवाहा, संतोष कुशवाहा दोनों पिता जोबा महतो ग्राम चिलोडीह सभी थाना चंदवारा जिला कोडरमा भी सम्मिलित हैं।

सभी लोग मिलकर संगठित रूप से अवैध शराब निर्माण कर तस्करी करते आ रहे हैं। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण करने वाले कमरे की एवं अगल-बगल विधिवत तलाशी ली गयी, जिस कम में काफी मात्रा में तैयार नकली शराब, विभिन्न शराब के ब्रांड का खाली बोतल, रैपर/लेबल, ढक्कन, स्प्रिट, उत्पाद विभाग झारखंड सरकार का लोगो, नकली शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले तरल रासायनिक पदार्थ एवं शराब तस्करी हेतु आरोपियों द्वारा लाये गये स्वीफ्ट डिजायर कार (BRO1FL6469) की बरामदगी की गयी।

घटनास्थल से बरामद सभी सामानों के विषय में कोई दावेदार उपस्थित नहीं हुए और न ही कोई वैध कागजात प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा बरामद सभी सामग्रियों को विधिवत जब्त किया गया एवं घटनास्थल से भागते हुए पकड़े गये दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में चंदवारा थाना कांड सं0 13/26, दिनांक 11.02.2026 धारा 345 (3)/347(1)/ 349/350(1)/111(2)/274/275/338/336(3)/340(2) / 3 (5) बी0एन0एस0 एवं 47 (ए) उत्पाद अधिनियम दर्ज किया गया है एवं इस कांड में संलिप्त सभी आरापियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है तथा सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इसके अतिरिक्त इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *