CM हेमन्त सोरेन से शिवरात्रि महोत्सव समिति बैद्यनाथधाम के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, शिव बारात में सम्मिलित होने का किया अनुरोध
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड विधान सभा में शिवरात्रि महोत्सव समिति बैद्यनाथधाम-देवघर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आगामी 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर देवघर में आयोजित होने वाले भव्य शिव बारात कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया।
मौके पर प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को शिव बारात आयोजन से संबंधित की जा रही तैयारियों से अवगत कराया तथा मुख्यमंत्री से सपरिवार कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु आग्रह किया। इस अवसर पर देवघर के राजद विधायक सुरेश पासवान, शिवरात्रि महोत्सव समिति बैद्यनाथधाम-देवघर के अध्यक्ष अभिषेक आनंद झा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञातव्य है कि वैद्यनाथधाम में भगवान भोलेनाथ योगी के रूप में विद्यमान है। यहां मां सती का हृदय गिरा है। इसलिए इसे हृदय पीठ भी कहते हैं। यह भारत के 51 शक्तिपीठों में एक महत्वपूर्ण पीठ है। यहां शिव और शक्ति दोनों विराजमान हैं, इसलिए यहां की महाशिवरात्रि एक विशेष स्थान रखती है। यहीं कारण है कि यहां महाशिवरात्रि के अवसर पर लोग दूर-दूर से आकर अपनी श्रद्धा निवेदित करते हैं।
