रांची पुलिस ने एतवारी की मौत से पर्दा उठाया, वह जलकर नहीं मरी बल्कि उसकी हत्या की गई थी, हत्याकांड में शामिल सभी छह अभियुक्त गिरफ्तार
रांची पुलिस को दिनांक-01.02.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि तमाड़ थाना अंतर्गत ग्राम-तालाडीह, पो० मानकीडीह, थाना-तमाड़, में एक महिला (एतवारी कुमारी) की चूल्हे की आग में जलने से मृत्यु हो गयी है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु ग्राम-तालाडीह, पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु रिम्स, राँची भेजा गया। पोस्टमॉर्टम उपरांत शव को अंतिम संस्कार करने हेतु परिजनों को सौंप दिया गया।
दिनांक 02.02.2026 को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त हुआ। जिसमें चिकित्सक द्वारा बताया गया कि उक्त मृतिका की मृत्यु आग में जलने से नहीं हुई है बल्कि सिर में गोली लगने से मृत्यु हुई। तत्पश्चात् मृतिका के परिजनों को सूचित गया तथा आवेदक बुधू लोहरा, उम्र-39 वर्ष, पिता स्व० बांगो लोहरा, ग्राम-तालाडीह, पो०-मानकीडीह, थाना-तमाड़, जिला-राँची के टंकित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड सं0-10/2026, दिनांक-03.02.2026, धारा-103(1)/118(2)/238/326/3(5) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस, राँची द्वारा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), राँची के निर्देशन में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बुण्डू के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। गठित छापामारी टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल अभियुक्त (1) सोनाराम लोहरा, (2) सोमा लोहरा, (3) लखीचरण मुण्डा, (4) कालीचरण लोहरा को ग्राम-तालीडीह तमाड़ (5) अमित लोहरा को गाँव-नुरीडीह, तमाड़ तथा (6) विष्णु महतो को राँची नामकुम स्थित सामलौंग से गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के क्रम में इन लोगों द्वारा अपना अपराध स्वीकार किया गया तथा बताया गया कि मृतिका एतवारी कुमारी अभियुक्त सोनाराम लोहरा की भाभी है। सोनाराम लोहरा को शक हो गया था कि मृतिका एतवारी कुमारी जादू-टोना जानती है तथा उसी ने ही उसके दो बच्चों को जादू-टोना करके जान से मार दिया। इस बात से सोनाराम लोहरा काफी नाराज हो गया और उसकी भाभी एतवारी कुमारी को जान से मारना चाहता था। इस काम को करने में उसका साला अमित लोहरा ने उसका साथ दिया।
अमित लोहरा ने शूटर विष्णु महतो से बात की। विष्णु महतो दो लाख रूपये में एतवारी कुमारी को जान से मारने के लिये तैयार हो गया। दिनांक-01. 02.2026 को शाम में अमित लोहरा, शूटर विष्णु महतो एवं बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो के साथ ग्राम-तालाडीह एतवारी के घर पहुँचे। वहाँ पर पहले से ही अन्य अभियुक्त (1) सोनाराम लोहरा, (2) सोमा लोहरा, (3) लखीचरण मुण्डा. (4) कालीचरण लोहरा सभी ग्राम-तालाडीह, थाना-तमा़ड़ जिला-राँची मौजूद थे।
शूटर विष्णु महतो एवं बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो एतवारी कुमारी के घर घुस गये और शूटर विष्णु महतो के द्वारा एतवारी कुमारी को गोली मारकर हत्या कर दिया गया। तत्पश्चात् अभियुक्त (1) सोनाराम लोहरा, (2) सोमा लोहरा, (3) कालीचरण लोहरा ने मृतिका को चूल्हा के आग में जला दिया, ताकि गोली का निशान मिट जाय और लोगों को ऐसा लगे की एतवारी कुमारी की मृत्यु चूल्हा के आग में जलने से हुआ है।
