बरही थाना अंतर्गत जय माता दी ज्वेलर्स लूट कांड का उद्भेदन, फरार अभियुक्त गिरफ्तार, लूटे गये सामान, हथियार और वाहन बरामद
हजारीबाग जिला के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 16.11.2025 को रात्रि करीब 09:00 बजे बरही चौक के समीप स्थित जय माता दी ज्वेलर्स में लूट की गंभीर घटना घटित हुई थी। दुकान संचालक द्वारा नये एवं पुराने चांदी तथा सोने के आभूषण चार बैग में भरकर अपनी कार में रखा जा रहा था, इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार सशस्त्र अपराधियों द्वारा कार का शीशा तोड़कर चारों बैग लूट लिये गये तथा भागने के क्रम में दो राउंड फायरिंग की गई।
इस संबंध में वादी सुरेन्द्र कुमार के आवेदन के आधार पर बरही थाना कांड संख्या-439/25, दिनांक-17.11.2025, धारा 309(4) भा०-या०-सं० एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत चार अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT टीम द्वारा आसूचना संकलन, विश्वसनीय गुप्त सूचना एवं CCTV फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के अंदर कांड का सफल उद्भेदन किया गया। इस दौरान लूटे गये आभूषण, घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहनों के साथ अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
पूर्व में छापामारी कर निम्नलिखित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था— इन्द्रराज चौधरी, पिता- जगदीश चौधरी, सा० मायापुर, थाना- इटखोरी, जिला- चतरा, रौशन यादव, पिता- राजेन्द्र यादव, ग्राम- गंगटी, थाना- शेरघाटी, जिला- गया (बिहार), धनंजय चौधरी उर्फ छोटू, पिता- स्व० बिरेन्द्र चौधरी, ग्राम- लेम्बोईया, थाना- रौशनगंज, जिला- गया (बिहार) टोलू उर्फ अभिषेक सिंह, पिता- मुरारी सिंह, सा० पड़रिया, थाना- धनगाई, जिला- गया (बिहार)।
घटना में संलिप्त दो अभियुक्त फरार चल रहे थे। इसी क्रम में दिनांक 04.02.2026 को छापामारी के दौरान कांड में फरार अभियुक्त— रामाशीष चौधरी, पिता- स्व० रघु चौधरी, ग्राम- बनाही, थाना- आमस, जिला- गया (बिहार) को दुर्घटना में घायल अवस्था में अपने घर पर इलाज कराते समय गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है तथा SIT टीम द्वारा उनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है। शेष अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
