राजनीति

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें दी भावभीनी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आज मोरहाबादी मैदान, बापू वाटिका स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर उपस्थित भजन गायकों ने बापू के प्रिय भजन एवं रामधुन प्रस्तुत किये। भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत बापू के प्रिय भजन को सुन राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित वहां उपस्थित गण्यमान्य नागरिकों का समूह मंत्रमुग्ध हो उठा।

मौके पर मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज हम सभी लोग महात्मा गांधी को स्मरण करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हम सभी उनके आदर्शों पर चलें यही हम सब की कामना है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें पूरा देश याद कर रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का व्यक्तित्व, उनका जीवन दर्शन, उनका त्याग, संघर्ष एवं आदर्श पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य , विकसित देश एवं शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *