पूर्वी सिंहभूम जिले के जिला परिषद उपाध्यक्ष और पूर्व भाजपा ज़िलाध्यक्ष समेत कई भाजपा नेताओं ने थामा झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन
लगता है, भाजपा में सब कुछ ठीकठाक नहीं चल रहा। भाजपा के प्रदेशस्तरीय नेता अपने कार्यकर्ताओं को ठीक से संभाल नहीं पा रहे। भाजपा में भगदड़ की स्थिति हैं। शायद यही कारण है कि आज दिनांक 30 अक्टूबर को भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) सह प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ चक्रवर्ती, घाटशिला भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशिक सिन्हा, मुसाबनी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तुषार पात्रो, भाजपा के मीडिया प्रभारी सुरेश महाली तथा जमशेदपुर के सुप्रसिद्ध जंबू अखाड़ा के अध्यक्ष बंटी सिंह सहित कई अन्य शामिल रहे।
इन सभी ने झामुमो की सदस्यता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष ग्रहण की। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी एवं जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू उपस्थित रहे। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि भाजपा का यही हाल रहा तो पार्टी का ढांचा तो रहेगा, लेकिन उनके पास कार्यकर्ता खोजे नहीं मिलेंगे।
