अपनी बात

अब रांची के सदर अस्पताल में दूसरी पाली में भी होगा लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, नवम्बर के आसपास इमरजेंसी ऑपरेशन की भी सुविधा

सोमवार को सदर अस्पताल ओटी परिसर में लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू होने की पांचवी वर्षगांठ मनाई ग‌ई। साथ ही साथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज से सदर अस्पताल में द्वितीय पाली में ऑपरेशन की भी शुरुआत की गई। आज से ठीक पांच वर्ष पूर्व कोविड के समय दिनांक 22 सितम्बर 2020 को सदर अस्पताल, रांची को झारखंड का ऐसा पहला जिला अस्पताल होने का गौरव प्राप्त हुआ था, जहां लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू की गई थी।

इस उपलक्ष्य में आज केक काटकर लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरुआत होने की पांचवी वर्षगांठ मनाई गई। इन पांच सालों में सैकड़ों मरीजों का इलाज मिनिमली इनवेसिव सर्जरी विधि के द्वारा अब तक किया जा चुका है। आज ही सदर अस्पताल रांची ने एक और नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए ऐसा पहला जिला अस्पताल होने का सौभाग्य प्राप्त किया जहां पर द्वितीय पाली में भी मरीजों के ऑपरेशन होंगे।

हाल के दिनों में देखा गया था कि ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या सदर अस्पताल रांची में काफी बढ़ गई है, चूंकि मरीजों को अपने ऑपरेशन के लिए काफी लंबा इंतजार भी करना पड़ रहा है, ऐसी स्थिति में सदर अस्पताल प्रशासन ने यह निर्णय लिया कि मरीजों को लाभ पहुंचाने के लिए वर्तमान संसाधन में द्वितीय पाली में OT शुरू की जाए।

लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के पांच सफल वर्ष पूरे होने पर, सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटकर चिकित्सकों एवं ओटी कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों सम्मानित पदाधिकारियों ने सायं OT की भी शुरुआत फीता काटकर की।

सिविल सर्जन ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए बताया कि आने वाले समय  यानी नवम्बर के आस-पास सदर अस्पताल रांची में सर्जरी विभाग में PG (DNB) की भी पढ़ाई शुरू हो जाएगी, तब इमरजेंसी ऑपरेशन की भी सुविधा उपलब्ध होगी। सायं OT में न्यूरो सर्जरी, आर्थोपेडिक, प्लमोनोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, सामान्य सर्जरी, स्त्री रोगों से संबंधित सर्जरी आदि विभागों के मरीजों का ऑपरेशन एवं इलाज भी किया जाएगा।

सूत्र बताते हैं कि आज से पांच साल पहले सदर अस्पताल में ही कार्यरत डॉ अजीत कुमार जैसे चिकित्सकों ने लेप्रोस्कोपी सर्जरी की शुरुआत सदर अस्पताल रांची में की थी। आज वैसे चिकित्सकों के प्रयास यानी उनके द्वारा लगाए हुए पौधे के फल अब देखने को मिल रहे हैं। आज सदर अस्पताल रांची में 7 Modular OT कार्यरत है, साथ ही साथ, आज Evening OT एवं OT परिसर (7th floor) में बायोमेट्रिक अटेंडेंस बनाने की सुविधा की शुरुआत भी कर दी गई हैं। इस अवसर पर ओटी प्रभारी डॉ अजीत कुमार, डॉ नीरज, डॉ विकास बल्लभ, डॉ स्टीफन खेस, डॉ वसुधा, डॉ तन्मय, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ धनंजय, सिस्टर इंचार्ज सिस्टर नेली, स्नेहलता, माला सिन्हा एवं समस्त ओटी के स्टाफ उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *