रथयात्रा के अवसर पर अपनी अनुपस्थिति का कारण बताते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भगवान जगन्नाथ से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की बेहतर स्वास्थ्य और झारखण्ड की जनता के कल्याण के लिए की विशेष प्रार्थना
आज रथयात्रा है। लेकिन इस रथयात्रा के अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची में नहीं हैं। बल्कि दिल्ली में हैं। दिल्ली में इसलिए कि वर्तमान में उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन सर गंगा राम अस्पताल में इलाजरत है। अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसके लिए उनकी सेवा में, वे जी जान से लगे हुए हैं।
हाल ही में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्वास्थ्य को लेकर चिन्तित थी और उन्हें देखने के लिए सर गंगाराम अस्पताल भी पहुंची थी। राज्य की जनता भी अपने लोकप्रिय नेता शिबू सोरेन की स्वास्थ्य को लेकर चिन्तित है और चाहती है कि उनके लोकप्रिय नेता शीघ्र स्वस्थ होकर उनके पास उपस्थित हो।
इधर चूंकि आज रथयात्रा भी थी और रथयात्रा में स्वयं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज के दिन भगवान जगन्नाथ की विशेष सेवा में लग जाते हैं। उनकी विशेष पूजा अर्चना करते तथा उनके रथ को खींचते हैं। आज के दिन ऐसे अवसर पर रांची में उपस्थित नहीं होने के कारण उन्होंने राज्य की जनता के नाम संदेश भेजा है। साथ ही अपनी व्यथा जनता के बीच में रखते हुए भगवान जगन्नाथ से दिशोम गुरु शिबू सोरेन जल्द स्वस्थ हो, इसके लिए विशेष प्रार्थना भी की है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोशल साइट पर जो संदेश प्रसारित किया है। वो इस प्रकार है –
‘आज महाप्रभु भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा का ऐतिहासिक और पावन महापर्व होता है। हर साल मैं वहां उपस्थिति होता था। अभी आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी अस्वस्थ है। इसलिए मैं रथयात्रा में शामिल नहीं हो पाया हूं। भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि आदरणीय गुरुजी जल्द से जल्द स्वस्थ होकर हम सभी के बीच आएं और हमेशा की तरह अपना आशीर्वाद बनाएं रखें। भगवान जगन्नाथ सभी का कल्याण करें, धन्यवाद जोहार।’