धनबाद के गया पुल को हेमन्त कैबिनेट की स्वीकृति, इसका श्रेय लेने के लिए राज सिन्हा और ढुलू के समर्थक उमड़ पड़े, जबकि भाजपा का एक बड़ा धड़ा CM हेमन्त सोरेन के पक्ष में आ खड़ा हुआ, बधाइयों का तांता लगा
आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने धनबाद की जनता की चिरप्रतीक्षित मांग पूरी कर दी है। धनबाद के गया पुल का चौड़ीकरण करने के प्रस्ताव पर आज उनकी कैबिनेट में मुहर लगा दी गई। जैसे ही यह खबर धनबाद की जनता को मिली, हर्ष की लहर दौड़ गई, क्योंकि धनबाद की जनता को लगता है कि अब उन्हें इस पुल की वजह से जो जाम लगता है, उस जाम से अब मुक्ति मिल जायेगी।
इधर जैसे ही ये खबर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को मिली। तो इस कार्य का श्रेय लेने के लिए भाजपा में दो गुट बन गये। एक गुट राज सिन्हा का था तो दूसरा गुट ढुलू महतो का था। ज्ञातव्य है राज सिन्हा भाजपा के धनबाद विधायक है और ढुलू महतो सजायाफ्ता धनबाद के भाजपा सांसद है।
इन दोनों से जुड़े समर्थकों का झुंड अपने-अपने नेताओं को इसका श्रेय देने के लिए फेसबुक पर उमड़ पड़ा, जबकि इन्हीं भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में ज्यादातर ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने दलगत भावना से उपर उठकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इसके लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें इसके लिए साधुवाद भी दिया। साथ ही कह दिया कि धनबाद की जनता उनके द्वारा किये गये इस कार्य को लंबे समय तक याद रखेगी।
अवध बिहारी राम जो धनबाद जिला भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री हैं। वे फेसबुक पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को बधाई देते हुए लिखते हैं कि आज आदरणीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की कैबिनेट ने गया पुल के चौड़ीकरण के कार्य को स्वीकृति देकर धनबाद की आम जनता को जाम से मुक्ति दिलाने की एक बड़ी पहल कर हमलोगों को कृतज्ञ किया। धनबाद आपको हमेशा याद रखेगा।
अभय चंद्रवंशी लिखते है कि धनबाद को मिला राहत का तोहफा, आज माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में गया पुल चौड़ीकरण परियोजना को स्वीकृति दी गई। यह निर्णय धनबाद की जनता के लिए जाम से मुक्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हम धनबादवासी इस सराहनीय पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं पूरी सरकार को हृदय से आभार प्रकट करते हैं। धनबाद आपको हमेशा याद रखेगा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जी।
ऐसा ही भावना अभिषेक आनन्द और जयंत चौधरी ने भी अभिव्यक्त किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता चुन्ना सिंह ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और कहा है कि गया पुल चौड़ीकरण के बारे में धनबाद की जनता को सब मालूम है कि कौन नेता कितना प्रयास किया है? इसी प्रकार से भाजपा के अनेक पुराने कार्यकर्ता हैं जो गया पुल के चौड़ीकरण के लिए सारा श्रेय राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को दे रहे हैं और अपने नेताओं को कोसने से नहीं चूक रहे, साथ ही यह भी कह रहे हैं कि भाजपा के सांसद और विधायक झूठा श्रेय लेने की कोशिश न करें, इसका सारा श्रेय लेने का कोई हकदार है तो राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ही हैं, दूसरा कोई नहीं।